तहसीलदार ने मांगी रिश्वत, डीसी ने दर्ज कराया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने कोसली के तहसीलदार के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कोसली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामला अप्रैल माह का है। इसमें तहसीलदार का रिश्वत के रूप में रुपये मांगते वीडियो वायरल हुआ था।
कोसली थाना इंचार्ज नरेंद्र सिंह ने बताया कि दर्ज मुकदमे के अनुसार अब निवर्तमान तहसीलदार कंवल सिंह ने अप्रैल माह में एक किसान से जमीन का इंतकाल चढ़वाने के एवज में रिश्वत मांगी थी। इसके बाद किसान ने रिश्वत के रूप में रुपये भी दिए थे। इस दौरान किसी ने पूरे प्रकरण का वीडियो बना लिया। मामले की जानकारी डीसी को दी गई। डीसी ने मामले की जांच करवाई। जांच रिपोर्ट में सत्यता सामने आने के बाद मामले में कंवल सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम समेत जरूरी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।