जिले में मंगलवार को 71 विद्यार्थियों समेत 104 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें शिक्षक, बुजुर्ग, गृहिणी, पुलिस कर्मी, इंजीनियर, दुकानदार, मजदूर समेत हर वर्ग के लोग शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक 14,337 संक्रमित सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 2745 लोगों के सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। इन नए सैंपलों के साथ अब तक जिले में तीन लाख 39 हजार 903 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से तीन लाख 23 हजार 800 की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। जिले में 1766 लोगों को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 1061 हो गई है। इनमें से 34 अस्पताल में व 1027 घरों में एकांतवास में उपचाराधीन हैं। विभाग के आंकड़ों में मरने वालों की संख्या मंगलवार को भी 172 ही दर्शाई गई है। संक्रमण दर 4.21 प्रतिशत व रिकवरी दर 91.39 प्रतिशत है। इधर, कोराना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अभियान जारी है। इसके तहत जिले में मंगलवार को 2302 लोगों केे पहली व 389 लोगों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। इसके साथ ही जिले में वैक्सीनेशन कराने वालों का आंकड़ा एक लाख 12 हजार 934 पहुंच गया है।
पीजीआई के 36 स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित
कोरोना ने पीजीआई के 36 स्वास्थ्य कर्मचारियों को बीमार कर दिया है। इनमें से 11 डॉक्टर, सात विद्यार्थी, दस स्टाफ नर्स, तीन लिपिक, तीन पैरा मेडिकल स्टाफ व एक बीयरर है। इन 36 मरीजों से छह मंगलवार को भर्ती हुए हैं।