रोहतक। प्रदेश भर में नियम 134ए के तहत दाखिला प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया में अभिभावकों को बच्चों के दस्तावेज पूरे करवाने के लिए दिनभर लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। सोमवार को बच्चों के आयु, जाति व आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नगर निगम में अभिभावकों की खूब भीड़ रही। इस भीड़ के जमा होने के एक कारण दो दिन की छुट्टी के बाद कार्यालय का खुलना रहा। वहीं दूसरा बड़ा कारण निगम में जाति व आय प्रमाण पत्रों को अप्रूवल नहीं मिल पाना है। जाति, आय के प्रमाण पत्र न बनने के कारण बच्चों के दाखिले के लिए आवेदन अटक गए हैं। आवेदन के लिए केवल तीन दिन बचे हैं, जिससे अभिभावकों व बच्चों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को लगभग 200 से ज्यादा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं 350 से ज्यादा के आवेदनों की फाइलों के ढेर लगे हुए हैं।
दो दिन की छुट्टी के बाद जमा हुए 453 आवेदन फार्म
पुलिस लाइन के पास स्थित बीआरसी कार्यालय दो दिन की छुट्टी के बाद खुला। यहां पर नियम 134ए के तहत 453 आवेदन फार्म जमा हुए। अभिभावक ऑनलाइन अपने फार्म भरवाकर ला रहे थे। जिन्हें वे यहां पर मौजूद कर्मचारियों को जमा करवा रहे थे।
सोमवार किस कक्षा में कितने आवेदन आए
कक्षा आवेदन जमा
दूसरी 80
तीसरी 47
चौथी 42
पांचवीं 56
छठी 69
सातवीं 54
आठवीं 54
नौवीं 31
दसवीं 12
ग्यारहवीं 06
बारहवीं 02