अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। एमटीपी किट बेचने वाले झोलाछाप सुखविंद्र सिंह को बुधवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायालय ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। उसे मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया।
एसएचओ यशपाल सिंह ने बताया कि डॉङ ऋषि ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि स्वास्थ्य विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पिहोवा में सरकारी अस्पताल के पास एक झोलाछाप डॉक्टर अवैध रुप से एमटीपी किट (गर्भपात करने की दवाई) बेचने का काम करता है। इस पर कार्रवाई करने के लिए एक टीम का गठन कर महिला को बोगस ग्राहक बनाकर से झोलाछाप सुखविंद्र सिंह निवासी स्याणा सैदां के क्लीनिक पर भेजा गया। जहां पर बोगस ग्राहक बनी महिला ने सुखविंद्र सिंह से 1500 रुपये में एमटीपी किट खरीदने की बात तय कर ली थी। झोलाछाप डॉक्टर सुखविंद्र सिंह ने बोगस ग्राहक से किट की एवज में एक हजार रुपये एडवांस लेकर उसे शाम को 500 रुपए देकर किट ले जाने की बात कही थी। शाम के समय जब बोगस ग्राहक बनी महिला क्लनिक से किट लेकर निकली तो उसने टीम को इशारा कर दिया। इशारा पाकर टीम ने मौके पर रेड कर दी और सुखविंद्र सिंह को बोगस ग्राहक द्वारा दिए गए रुपयों के साथ काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। शिकायतकर्ता अनुसार सुखविन्द्र सिंह के पास कोई भी चिकित्सा से संबंधित शैक्षिक योग्यता नहीं है। पुलिस ने डॉक्टर ऋषि की शिकायत पर आरोपी सुखविंद्र के खिलाफ मेडिकल एक्ट सहित अन्य विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेज दिया गया ताकि मामले में उससे पूछताछ की जा सके।