खबर का असर : आखिरकार हरकत में आया जिला प्रशासन
: डीसी ने किया भगत सिंह कामर्शियल कांप्लेक्स और पार्किंग स्थल का मुआयना
: बोले, 15 दिन में चालू कर दी जाएगी पार्किंग, कामर्शियल कांप्लैक्स में लगेगा अभी समय
: एक साल से रेट तय नहीं कर पाया है नगर निगम, धूल फांक रही हैं पार्किंग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एक साल से बंद पड़े भगत सिंह कामर्शियल कांप्लेक्स एवं पार्किंग स्थल के चालू होने की उम्मीद जाग गई है। जिला उपायुक्त डॉक्टर यश गर्ग ने एक माह से पेंडिंग कांप्लेक्स एवं पार्किंग स्थल का दौरा किया और निरीक्षण कर भरोसा दिया कि 15 दिन में पार्किंग को चालू कर दिया जाएगा। मंडल आयुक्त को पार्किंग के रेट तय करने के लिए वे जल्द अपनी रिपोर्ट भेज रहे हैं।
बता दें कि शहर के पुराने एरिया में भगत सिंह कामर्शियल कांप्लेक्स एवं पार्किंग स्थल है, जिसके निर्माण पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। 2010 में शिलान्यास के बाद इसका निर्माण रिकार्ड 7 साल में पूरा हुआ। निर्माण काल में पहले कांग्रेस और अब भाजपा सरकार देख चुके कांप्लेक्स को चालू नहीं किया जा रहा है, जबकि एक साल पहले 4 अप्रैल 2017 के दिन सीएम मनोहर लाल खट्टर ने खुद अपने हाथों से कांप्लेक्स का उद्घाटन किया था। निगम प्रशासन की अनदेखी का आलम यह है कि एक साल में अधिकारी पार्किंग के रेट तक तय नहीं कर सके। बावजूद इसके किला रोड, दिल्ली दरवाजा, बड़ा बाजार, गोहाना अड्डा व आसपास के एरिया में पार्किंग स्थल नहीं है। अमर उजाला ने सीएम के रोड शो के दिन 3 मई को प्रशासन की अनदेखी को उजागर किया। खबर प्रकाशित होते ही निगम प्रशासन हरकत में आया और सुबह-सुबह पार्किंग की सफाई करवा दी। साथ ही डीसी ने तत्काल मौके का निरीक्षण कर बिल्डिंग का जायजा लिया।