पार्टी हाईकमान से करूंगी मेयर डाबला को टिकट दिलाने की सिफारिश : सुमित्रा चौहान
- जनाक्रोश रैली का न्योता देने आई कांग्रेस महिला अध्यक्ष सुमित्रा चौहान बोलीं, चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत से अधिक सीटें देगी कांग्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
आधी आबादी, चुनाव में सीटों का आधा हक पूरा लेकर रहेंगी। मेयर रेणु डाबला, निर्मला राठी और अन्य बहनों को टिकट दिलाने की पार्टी हाईकमान से सिफारिश करूंगी। प्रदेश के आने वाले चुनाव में पार्टी से महिलाओं की भागीदारी 33 प्रतिशत से भी अधिक रहेगी। पार्टी महिलाओं को चुनावी टिकट देगी। यह दावा कांग्रेस महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने किया है। वे सोमवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारवार्ता में बोल रही थीं। यहां वे 29 की जनाक्रोश रैली का न्योता देने आई थीं।
कांग्रेस की महिला अध्यक्ष ने कहा कि रैली में दस हजार महिला कार्यकर्ता शामिल होंगी। रोहतक से एक हजार महिलाएं रैली में जाएंगी। यहां वे तिरंगी चुन्नी ओढ़कर जाएंगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा बेटियों की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा आरोपी बचाओ आरोपियों को संरक्षण देने में कब बदल गई, पता ही नहीं चला। भाजपा के राज में महिला अपराध बढ़ा है। महंगाई हो, अपराध हो या रोजगार, मार आधी आबादी पर ही पड़ रही है। सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पुलिस लाठीचार्ज में व्यस्त है। राहुल गांधी के नेतृत्व में ही महिलाएं सुरक्षित रह सकती हैं।
फ्लैक्स बोर्ड से किरण चौधरी, तंवर का फोटो रहा गायब
पार्टी कार्यालय में लगे फ्लैक्स बोर्ड से किरण चौधरी और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की फोटो गायब होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस का बैनर होना अच्छी बात है, मगर इस पर प्रदेश अध्यक्ष की फोटो भी होनी चाहिए। फ्लैक्स बनवाते समय कहीं गलती रही होगी। जिलावार पार्टी पदाधिकारियों की तस्वीर नहीं बदलती है। पार्टी एक है, सभी एक ही मकसद के लिए काम कर रहे हैं।
इस मौके पर नगर निगम मेयर एवं महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष रेणु डाबला, ग्रामीण अध्यक्ष निर्मला राठी के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष रीतुराज सैनी, संतोष गुलिया, जिला प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव नीलम बाल्याण, ललित मोहन सैनी, सुरेश देवी, ओमी हुड्डा, राजीव अत्री, मोनिका सिंह, सुलोचना हुड्डा, गीता भारती, ममता स्वामी, सुनीता सेवादल, मृदुला शर्मा, शकुंतला ढुल, अनीता हुड्डा, कमलेश दहिया, राज बाला हुड्डा मौजूद रहीं।