फोटो सहित...........
सीएम दो दिन रोहतक में, ड्रीम प्रोजेक्ट एलिवेटिड ट्रैक के लिए अभी इंतजार
- सुबह राहगीरी में करेंगे शिरकत, शाम को देंगे निर्माण सदन
- शनिवार शाम ही पहुंचे रोहतक, सोमवार सुबह पीटीसी सुनारिया में करेंगे परेड का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के ड्रीम प्रोजेक्ट एलिवेटिड ट्रैक के लिए इंतजार और लंबा हो गया है। सीएम मनोहर लाल खट्टर शनिवार की शाम से लेकर सोमवार सुबह तक रोहतक में रहेंगे, लेकिन ट्रैक के शिलान्यास की रेलवे की तरफ से हरी झंडी नहीं मिल सकी।
विभाग के सूत्रों ने बताया कि ट्रैक की फाइल तकनीकी समिति के बाद फाइनेंस समिति के पास गई थी, जिसके एक सदस्य अवकाश पर हैं। इस कारण सीएम के प्रोग्राम के दौरान ट्रैक के प्रोग्राम को हरी झंडी नहीं मिल सकी। वहीं, सीएम मनोहर लाल खट्टर सरकारी हेलीकॉप्टर से रोहतक पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर शनिवार शाम करीब पांच बजे बाबा मस्तनाथ इंजीनियरिंग कॉलेज अस्थल बोहर के हैलीपैड पर उतरा। भाजपा के स्थानीय नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में उपायुक्त डॉ. यश गर्ग, पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, एसडीएम अरविंद मल्हाण, नगराधीश महेंद्रपाल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल व भाजपा रोहतक लोकसभा प्रभारी रमेश भाटिया शामिल रहे।
यह रहेगा आज और कल सीएम का कार्यक्रम
सीएम मनोहर लाल 4 फरवरी को सुबह 8 बजे पंडित श्रीराम रंगशाला में आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भाग लेंगे। इसके उपरांत 10:15 बजे संकट मोचन मंदिर, माता दरवाजा के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शाम 3 बजे पुराना बस स्टैंड स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेंगे। इसके उपरांत शाम 4 बजे निर्माण सदन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद कैनाल रेस्ट हाउस में रात को ठहरेंगे। 5 फरवरी को सुबह 9 बजे पीटीसी सुनारिया में सीएम पुलिस के जवानों को संबोधित करेंगे।