जल्द तैयार होगा बलाली कुश्ती हॉल प्रोजेक्ट का डिटेल्ड एस्टीमेट
चरखी दादरी।
अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता व बबीता फौगाट के गांव बलाली में बनने वाले आधुनिक कुश्ती हॅाल का डिटेल्ड एस्टिमेट (विस्तृत प्राकलन) जल्द तैयार होगा। पूरी प्रक्रिया 10 रोज में पूरी कर ली जाएगी और अक्तूबर माह में इसके टेंडर लगा दिए जाएंगे। फिलहाल निर्माण के लिए बजट की राशि एक करोड़ मंजूर है लेकिन पंचायत विभाग के अधिकारी इसमेें बढ़ोतरी होने आसार जता रहे हैं। इस प्रोजेक्ट की ड्राइंग तैयार के लिए राज्य के अलावा दिल्ली के आर्किटेक्ट से भी सलाह ली जा रही है। बलाली कुश्ती हॉल दो मैट का बनना है। इसके लिए गांव ने कुश्ती हॉल के लिए 10 एकड़ जमीन दे रखी है। ये प्रस्तावित कुश्ती हॉल एयरकंडीशन और आधुनिक तरीके की सभी सुविधाओं से युक्त बनना है।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर 2016 की सीएम रैली के दौरान गांव बलाली में सीएम ने कुश्ती हॉल बनवाए जाने की घोषणा की थी। सीएम की घोषणा के बाद खेल व पंचायत राज विभाग ने संयुक्त रूप से इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू की लेकिन यह प्रक्रिया अभी धीमी गति से चल रही है। ओलंपियन खिलाड़ी गीता व बबीता इसी गांव से हैं ऐसे में सीएम ने इस गांव में जिले का पहला अत्याधुनिक कुश्ती हॉल बनवाए जाने की घोषणा की हुई है। गीता व बबीता ने अपने पिता द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर से कुश्ती के गुर इसी गांव की माटी में सीखे हैं। इन बहनों से प्रेरणा लेकर अन्य लड़कियां व युवक भी अब कोच महावीर की खेल नर्सरी में अभ्यास कर रहे हैं। जब गीता व बबीता ने कुश्ती खेलना शुरू किया था उस समय उनके पास अपना मैट भी नहीं था। अब यहां आधुनिक कुश्ती हॉल बनना है। यह कुश्ती हॉल पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार सभी सुविधाएं यहां उपलब्ध होंगी। इसके लिए जमीन पहले ही तय हो चुकी है। पंचायतीराज व खेल विभाग को इस कुश्ती हॅाल निर्माण की जिम्मेदारी सौंप रखी है।
==दो मैट का होगा बलाली कुश्ती हॉल
ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक के नाम से सोनीपत के भालगढ़ में बने नार्थ जोन के कुश्ती सेंटर की तर्ज पर ही गीता-बबीता के नाम से चरखी दादरी के गांव बलाली में कुश्ती हॉल बनाया जाना है। इसके लिए पंचायती राज व खेल विभाग अधिकारियों की टीम अगस्त माह में भालगढ़ कुश्ती सेंटर का दौरा भी कर चुकी है। गांव बलाली में बनने वाला कुश्ती हॉल दो मैट का होगा। इस कुश्ती हॉल की फालसिलिंग छत स्टील की बनेंगी और ग्रिल व दरवाजे एल्युमीनियम के होंगे। खिड़कियों पर इस प्रकार के ग्लास लगाए जाएंगे जिनके टूटने के बहुत कम चांस होते हैं। यहां बड़ा जिम भी बनना है तथा लड़केे व लड़कियों के लिए अलग-अलग तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए पंचायत ने 10 एकड़ जमीन सरकार दे रखी है।
== एक करोड़ का बजट मंजूर हो चुका
इस प्रोजेक्ट के लिए एक करोड़ की राशि मंजूर हो चुकी है लेकिन बजट राशि ज्यादा खर्च होने का अनुमान है। अब इसका बजट भी बढ़ाया जाएगा। अब तैयार होगा डिटेल्ड एस्टिमेट पंचायतीराज विभाग अब इस प्रोजेक्ट का डिटेल्ड एस्टिमेट (विस्तृत प्राकंलन) तैयार करेगा। इस एस्टिमेट में हर चीज का आकलन कर विस्तृत विवरण तैयार किया जाएगा।
राज्य के अलावा दिल्ली के आर्किटेक्ट की ली जा रही मदद
इस समय पंचायतीराज विभाग इस प्रोजेक्ट की ड्राइंग के लिए हरियाणा के करनाल, अंबाला के अलावा दिल्ली में विशेषज्ञ आर्किटेक्ट की भी मदद ली जा रही है ताकि ड्राइंग में किसी प्रकार की कोई चूक न रह जाए। अगले 10 रोज में यह ड्राइंग और डिटेल्ड एस्टिमेट तैयार होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट निर्माण के लिए पंचायतराज विभाग अक्तूबर मध्य तक टेंडर लगाएगा। इसके लिए पूरी प्रक्रिया साथ-साथ चल रही है।
==
वर्जन--
बलाली कुश्ती निर्माण के लिए ड्राइंग व अन्य कागजी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। इसका डिटेल्ड एस्टिमेट तैयार होगा। कुश्ती हॉल आधुनिक तकनीक पर आधारित होगा। पहलवानों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं यहां उपलब्ध करवाई जाएंगी।
कुलवीर वर्मा, एक्सईएन, पंचायतीराज विभाग