कसरत करते दस युवकों पर चढ़ाई गाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जिला के गांव बाघोत के दादरी रोड पर हुए हादसे में बाघोत गांव के करीब 10 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जिसमें दो घायल युवकों की हालत नाजुक बनी हुई थी।
घायल सुनील कुमार ने बताया कि वे सभी बाघोत गांव में स्थित एक स्कूल में पढ़ाई करके वापस आ रहे थे। बाघोत से दादरी रोड पर बाघोत बस स्टैंड के नजदीक वे सभी युवक कच्चे रास्ते पर शारीरिक व्यायाम कर रहे थे। उसी दौरान दादरी की तरफ से एक गाड़ी तेज गति से दौड़ती हुई आई और उन सभी युवकों को सीधी टक्कर मार दी। बाघोत निवासी महाबीर पहलवान ने बताया कि शाम करीब 6 बजे गांव के राकेश पुत्र ओमप्रकाश, संजय पुत्र अशोक कुमार, राजबीर पुत्र रोशन, विकास पुत्र संतोष, संदीप पुत्र बजरंग, रामपाल पुत्र रामअवतार, संजय, सुनील पुत्र लीलाराम समेत करीब 10 युवक घायल हुए हैं। महाबीर पहलवान का कहना है कि कनीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई सुविधा नाम की चीज नहीं है। सभी घायल युवक करीब एक घंटे तक अस्पताल में तड़पते रहे, लेकिन डॉक्टरों और स्टाफ की कमी के चलते अस्पताल में मौजूद फोर्थ क्लास महिला घायल युवकों का प्राथमिक उपचार करने में लगी हुई थी। एंबुलेंस के लिए बार-बार फोन करना पड़ा, लेकिन एक भी एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। उन्हें निजी एंबुलेंस का सहारा लेकर घायलों को उपचार के लिए दूसरी जगह भेजना पड़ा। दो बच्चे ज्यादा गंभीर हैं, उन्हें तो प्राथमिक उपचार भी नही दिया गया अस्पताल पहुंचते ही उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।