फोटो संख्या : 12
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जल संरक्षण के लिए निरंकारी मिशन की जिला शाखा के स्वयंसेवकों ने रविवार को तिलयार झील पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने जल क्षेत्र में पड़ी प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन, पैकेट व अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर लगभग 10 टन कचरा निस्तारण के लिए भेजा।
स्वयंसेवकों ने बताया कि संत निरंकारी मिशन की ओर से ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण के तहत देशभर में प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रोहतक स्थित तिलयार झील परिसर पर भी आयोजन हुआ जिसमें एक हजार स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
इसके बाद प्रांगण में सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसे रोहतक क्षेत्र के संयोजक हेमंत निरंकारी ने संबोधित किया। उन्होंने सेवा, प्रेम और समदृष्टि को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए सभी को समाज और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अशोक चौधरी, सिद्धार्थ बतरा, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, बाबा राघव महाराज, जन सेवा संस्थान के स्वामी परम चेतन्य महाराज, तिलयार झील के प्रबंधक नरेंद्र, रिंकू ठकराल, डॉ. सत्य प्रकाश व मोहित चौधरी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।