फीजी अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल 2013 में जीआईटीएस रोहतक के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित ‘ए माइनर कट’ ने बेस्ट स्टूडेंट फिल्म और गोल्डन ट्राफी पुरस्कार अपने नाम किया।
यह फिल्म की कहानी बॉप-बेटी के भावनात्मक रिश्ते पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन जीआईटीएस में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे बिल्लू पोल ने किया है, जबकि सिनेमाटोग्राफी का जिम्मा सचिन ने संभाला है। फिल्म एडिटिंग अंकित मरहठा ने की। लगभग 14 मिनट की इस फिल्म में संस्थान के ही चार अन्य विद्यार्थियों ने कलाकारों की भूमिका निभाई है।
फीजी अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में दुनिया के विभिन्न देशों के 48 फिल्म स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई 154 फिल्में दिखाई गई थीं। भारत के पांच फिल्म स्कूलों ने इसमें भाग लिया था। उपायुक्त एवं जीआईटीएस संस्थान के निदेशक डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को संस्थान के विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्थान के अतिथि अध्यापक एवं प्रसिद्ध बॉलीवुड कलाकार पेंटल और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।