हरियाणा में एक वृद्धा को बाइक सवार युवक ने वृद्धा पेंशन दिलवाने के नाम पर झांसे में ले लिया और बाद में उसके गहने उतरवा लिए। मौका मिलते युवक गहनों को लेकर फरार हो गया।
वृद्धा को जब अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व वृद्धा के परिजनों को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहसील चौक के खंजाची मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय कौशल्या देवी बुधवार दोपहर को दिल्ली वाले अस्पताल में दवाई लेने जा रही थी। उसने बताया कि अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार एक युवक उसके पास आया। उसने वृद्धा से कहा कि मॉडल टाउन में वृद्धावस्था पैंशन बंट रही है। उसने वृद्धा से वहां छोड़ने की बात कही।
इस बात पर कौशल्या देवी उसके साथ जाने को तैयार हो गई। मोटरसाइकिल सवार युवक ने वृद्धा से कहा कि वह हाथ के कंगन व अंगूठी उतार ले नहीं तो पैंशन बांटने वाले अमीर समझकर पैंशन नहीं देंगे। इस तरह कौशल्या देवी युवक की बातों में आ गई और अपने कंगन व अंगूठी उतार कर युवक को लिफाफे में डालने के लिए दे दी।
ठग युवक ने लिफाफा बदल लिया। उसने पेंशन के लिए जरूरी फार्म लेकर आने और यहीं पर अपना इंतजार करने की बात कही। यह कहकर युवक वहां से फरार हो गया। काफी देर बीत जाने के बाद वृद्धा ने जब अपना लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें लोहे का कड़ा मिला। इस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हुए। लोगों ने इसकी सूचना वृद्धा के परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात युवक पर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।