हरियाणा के गांव डीघल में मामूली कहासुनी को लेकर एक युवक ने गोली चला दी। आरोपी युवक द्वारा फायरिंग के दौरान दो गोलियां गांव डीघल के ही रविंद्र को लग गई। रिवाल्वर चलाने का आरोप गांव डीघल के ही विक्रम पर लगा है। घटना को अंजाम देने के बाद विक्रम मौके से फरार हो गया।
बाद में गोली लगने से घायल हुए रविंद्र को उपचार के लिए डीघल के सरकारी अस्पताल में लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार रविंद्र को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली उसके पैर में व दूसरी गोली उसके पेट में लगी है।
उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई के चिकित्सकों ने रविंद्र के पेट व पैर से गोलियां निकाली। चिकित्सकों के अनुसार रविन्द्र की हालत काफी स्थिर बनी हुई है। विक्रम ने रविन्द्र पर गोली किन कारणों से चलाई इस बारे में अभी पता नही चला है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि घटना के थोड़ी ही देर पहले दोनों को आपस में छोटा सा विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते विक्रम ने रविंद्र पर फायर किया।
घटना का पता चलते ही पुलिस ने डीघल पहुंची और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। इस मामले में पुलिस ने विक्रम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है।