रेवाड़ी। मॉडल टाउन में आयोजित अंडर-16 क्लब क्रिकेट मैच में राय क्रिकेट अकादमी के कप्तान युवराज तोंगड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। युवराज ने मात्र 100 गेंदों में नाबाद 271 रन बनाकर अपनी टीम को एकतरफा जीत दिलाई। यह उनके क्लब क्रिकेट कॅरिअर का तीसरा दोहरा शतक है। इससे पहले वह नाबाद 250 और 258 रनों की पारियां खेल चुके हैं। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए युवराज तोंगड को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
निर्धारित 25 ओवरों का यह मुकाबला राय क्रिकेट अकादमी और जैन बॉयज क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर राय क्रिकेट अकादमी के कप्तान युवराज तोंगड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय पूरी तरह सही साबित हुआ। राय क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित ओवरों में मात्र एक विकेट के नुकसान पर 424 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
टीम की ओर से युवराज तोंगड ने चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 100 गेंदों में नाबाद 271 रन बनाए। ओपनर बल्लेबाज दक्ष यादव ने भी शानदार सहयोग देते हुए 43 गेंदों में 91 रनों की पारी खेली। इसके अलावा मानव ठक्कर ने 18 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूती दी। जैन बॉयज क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में रजत ही एकमात्र सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 54 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि अन्य गेंदबाज विकेट हासिल करने में नाकाम रहे।
425 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जैन बॉयज क्रिकेट अकादमी की टीम 25 ओवरों में 9 विकेट खोकर 261 रन ही बना सकी और उसे 163 रनों से हार का सामना करना पड़ा। टीम की ओर से चिराग ने नाबाद 50 रन बनाए, जबकि रितेश और विदित ने 49-49 रनों की पारी खेली। भारत वशिष्ट ने 30 रनों का योगदान दिया।
कप्तान युवराज, दक्ष यादव और वीर गुर्जर ने दो-दो विकेट लिए। मोहन, धीरज और कुशाग्र कपूर ने एक-एक विकेट हासिल किया।