कोसली। जाटूसाना थाना क्षेत्र के गांव चौकी नंबर-2 से बेरली खुर्द जाने वाले मार्ग पर वीरवार की सुबह नीम के पेड़ से राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव ढाणी संपत निवासी अमित तंवर (32) का शव लटका मिला।
मौके से सुसाइड नोट मिला है। अमित घर से बाहर रहकर नौकरी कर रहा था। वह बेरली खुर्द निवासी एक व्यक्ति के यहां काम करता था।
अमित के पिता रमेश कुमार ने बताया कि बुधवार रात को ही बेटे से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान अमित ने सब कुछ ठीक होने की बात कही थी। इसके बाद सुबह पुलिस ने उन्हें बेटे की मौत की सूचना दी। अमित दो भाइयों में छोटा था और उसकी शादी नहीं हुई थी। उसका बड़ा भाई एक फाइनेंस बैंक में काम करता है।
पुलिस को अमित के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें गांव के तीन लोगों पर पैसे नहीं देने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने अभी सुसाइड में लगाए गए आरोपों और मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुसाइड की भी जांच की जा रही है।
डीएसपी विद्यानंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपों और अन्य तथ्यों का पता चलेगा संवाद