लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करती पुलिस टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। नशा मुक्त हरियाणा पखवाड़ा के तहत रविवार को पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने गांव जाट सायरवास और घुड़ाकावास में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। अभियान के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने और शिक्षा व खेलों से जुड़कर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
एएसआई जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने दोनों गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों और युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को नशा नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत के कारण कई बार अपराध की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए उन्हें इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ शिक्षा और खेलों से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा गलत संगत के कारण नशे की गिरफ्त में आ गया है तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। जिला पुलिस ऐसे युवाओं की मदद के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ मिलकर काम करने का आह्वान किया।
नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 या 112 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।