कुंड। पाली स्थित राजकीय महाविद्यालय में रिफॉर्म उत्सव 2026 का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने शासन और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने ऑनलाइन सरकारी सेवाओं को सरल बनाने, महाविद्यालयों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करने और युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को शासन व्यवस्था में हो रहे सुधारों से जोड़ना और उन्हें प्रदेश के विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुनीता यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र और प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
आज के युवाओं की भूमिका केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी आगे आना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और प्रशासन से जुड़ी समस्याओं को समझने तथा उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भावना वर्मा ने रिफॉर्म उत्सव की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. मनजीत, डॉ. कवि, डॉ. आरव, डॉ. रीतू, लोकेश, पूजा, निशा और सुनीता सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।