नारनौल। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर कनीना निवासी एक युवक के साथ लूटपाट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवक ने जीआरपी रेवाड़ी में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कनीना निवासी साहिल ने बताया कि 29 दिसंबर को वह दिल्ली से रेवाड़ी आया था। रात करीब साढे 11 बजे रेवाड़ी स्टेशन पर उतरा और घर जाने के लिए रेलवे लाइन के साथ जा रहा था। इसी दौरान तीन नकाबपोश युवकों ने उसे पकड़ लिया और पिस्तौल नुमा हथियार दिखाकर उससे उसका मोबाइल फोन, ईयरबड्स, चांदी का कड़ा, चांदी की अगूंठी और 4000 रुपये की नकदी छीन ली। वह घबराकर अपने घर चला गया। इसके बाद उसने छीने गए मोबाइल फोन की दूसरी सिम निकलवाकर देखा तो उसके खाते से पैसे निकलवाने के मैसेज आए मिले। जांच करने पर 10 हजार रुपये निकाले हुए मिले। इस वारदात से संबंध में वह अपने तौर पर तलाश करता रहा, लेकिन उसे कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद युवक ने जीआरपी रेवाड़ी को शिकायत दी। पुलिस ने युवक की शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।