धारूहेड़ा। बास रोड स्थित विशाल कॉलोनी पार्ट-2 में किराये के मकान में रह रहे प्रमोद कुमार नामक युवक का शव फंदे से लटकता पाया गया। प्रमोद कुमार परिवार के साथ रह रहा था।
प्रमोद कुमार की पत्नी इन दिनों गांव गई थी। पिछले दो दिनों से प्रमोद अपनी पत्नी का फोन नहीं उठा रहा था। इससे चिंतित होकर पत्नी ने रविवार को पड़ोसियों को फोन कर उसके बारे में जानकारी लेने के लिए कहा।
जब पड़ोसी प्रमोद के कमरे के पास पहुंचे तो वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना धारूहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर प्रमोद कुमार का शव पंखे से लटका हुआ मिला।
पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।