धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खरखड़ा में वीरवार को पोटाश कूटते समय जोरदार धमाका हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो बच्चें भी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर दुकानदार व नाबालिग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी पत्नी को दाई के पास ले गया था।
औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा के मोहल्ला कमला नगर निवासी करीब 30 वर्षीय राजू अपनी गर्भवती पत्नी डोली को वीरवार को गांव खरखड़ा में दाई के पास ले गया था। वहां दुकानदार के बच्चें पोटाश कूट रहे थे। बच्चे ने राजू को पोटाश कूटने के लिए कहा। इसी दौरान वहां जोरदार धमाका हुआ, जिसमें राजू सहित दोनों बच्चें भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां राजू ने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई भीम सिंह की शिकायत पर दुकानदार व नाबालिग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भीम सिंह ने बताया कि नाबालिग बच्चा पटाखों का धमाका करने के लिए बास रोड स्थित संजय नाम के दुकानदार से पोटाश खरीदकर लाया था। उसे पाउडर बनाने के लिए कूटा जा रहा था। भीम सिंह ने अपने भाई की मौत के लिए दुकानदार संजय व नाबालिग को जिम्मेदार ठहराया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के भाई की शिकायत पर दुकानदार व नाबालिग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, धारूहेड़ा।