शव को नाले से बाहर निकालते पुलिस कर्मी व अन्य
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी-रोहतक हाईवे नंबर 71 पर गांव मांढैया के पास मंगलवार को सड़क किनारे नाले में 25 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ है। उसके चेहरे और सिर पर नुकीले हथियार से वार करने के निशान हैं और गले में चुन्नी का फंदा कसा हुआ है। शक है कि युवती की चुन्नी से गला कसकर हत्या कर शव नाले में फेंका गया है। अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उसकी शनाख्त के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क किया गया है। यहां बता दें कि जिस स्थान पर युवती का शव बरामद हुआ है, वहीं एक माह पहले एक युवक का कटा हुआ सिर बरामद हुआ था।
जिले की सीमा से गुजरने वाले हाईवे नंबर 71 और हाईवे नंबर आठ हत्या कर लाशें ठिकाने लगाने का अड्डा बनता जा रहा है। पिछले छह माह के दौरान दोनों हाईवे पर करीब एक दर्जन लावारिस लाशें बरामद हुई हैं। मंगलवार को रेवाड़ी-रोहतक हाईवे नंबर 71 पर मांढैया गांव के समीप रोड किनारे नाले में करीब 25 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना दे दी गई है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।
माडल टाउन थाना पुलिस का कहना है कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को देखने के बाद ऐसा प्रतीत नहीं हो रहा कि युवती से रेप किया गया हो, लेकिन वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम होने के बाद ही पता चल पाएगी।
शनाख्त के लिए शव शवगृह में रखवा दिया गया है। उसकी शनाख्त की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद दुष्कर्म को लेकर कुछ कहा जा सकता है।
- हंसराज, डीएसपी