रेवाडी। गांव गुरावड़ा में शुक्रवार को राजकीय महिला महाविद्यालय में योग प्रशिक्षण पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दयाराम आर्य एवं आयुष विभाग के योग सहायक धर्मेन्द्र और वर्षा ने छात्राओं को योग के बारे में जानकारी प्रदान की। प्राचार्य डॉ. सत्यमन्यु यादव ने स्वयंसेविकाओं को जीवन में योग का महत्व बताया एवं योग करने के लिए प्रेरित किया। दयाराम आर्य ने छात्राओं को योग को जीवन में अपनाने और पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया। उसके पश्चात धर्मेंद्र ने सभी छात्राओं को योग, नियम, आहार, प्रत्याहार, प्राणायाम, ब्रह्मचर्य के बारे में ज्ञान दिया और बताया कि योगासन शरीर, मन और आत्मा को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। शरीर और मन को शांत करने के लिए यह शारीरिक और मानसिक अनुशासन का एक संतुलन बनाता है। योग तनाव और चिंता का प्रबंधन करने में भी सहायक है। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनती परमार ने आयुष विभाग एवं पतंजलि योगपीठ की टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर रवि, डॉ. सविता, डॉक्टर नीरज, डॉक्टर अजय सहित अन्य सभी स्टाफ एवं छात्राएं मौजूद रहीं।