रेवाड़ी। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण करने वाले कर्मचारी बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने कूड़ा संग्रहण वाहनों को सीएसआई कार्यालय परिसर में खड़ा कर धरना शुरू कर दिया। आरोप है कि ठेकेदार ने पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किया है जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
हड़ताल के चलते बुधवार से शहर के घरों से कूड़ा उठाने का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। डोर-टू-डोर कूड़ा कर्मचारी संघ के प्रधान राकेश ने बताया कि शहर में करीब 117 कर्मचारी और 80 कूड़ा संग्रहण वाहन कार्यरत हैं। तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों और नगर परिषद की चेयरपर्सन से वेतन भुगतान की मांग की गई लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इस बार कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि वेतन भुगतान और अन्य मांगों पर कार्रवाई होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
समाधान नहीं हुआ तो लगेंगे कूड़े के ढेर
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी और विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर लग सकते हैं।
पोर्टल पर डेटा अपलोड न होने से अटका भुगतान
नगर परिषद ने पहली बार शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए लगभग 23.50 करोड़ रुपये का पांच वर्षीय टेंडर एक नई एजेंसी को दिया था। नियमानुसार एजेंसी को शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के पोर्टल पर अपना बैंक हिस्टोरिकल डेटा अपलोड करना था लेकिन टेंडर आवंटित होने के चार माह बाद भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि पोर्टल पर आवश्यक डेटा लंबित रहने और तकनीकी कारणों से ठेकेदार का भुगतान जारी नहीं हो पाया है। नगर परिषद से एजेंसी को अब तक कोई भुगतान नहीं मिला इसके चलते कर्मचारियों का वेतन भी अटक गया है।
सर्व कर्मचारी संघ ने भी किया प्रदर्शन
इधर, सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नेहरू पार्क में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की।
जल्द जारी होगी ठेकेदार की पेमेंट : चेयरपर्सन
नगर परिषद की चेयरपर्सन विनीता पीपल ने बताया कि कर्मचारी उनसे मिलने आए थे। उन्हें ठेकेदार के भुगतान की प्रक्रिया से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार की पेमेंट जल्द जारी कर दी जाएगी जिसके बाद कर्मचारियों का लंबित वेतन भी भुगतान कर दिया जाएगा।
वेतन भुगतान की मांग को लेकर नेहरू पार्क में प्रदर्शन करते डोर-टू-डोर कूड़ा कर्मचारी।संवाद