रेवाड़ी। कोसली में एक युवती को नग्न अवस्था में कार सवार युवकों द्वारा उठाए जाने के मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने पुलिस की थ्योरी पर असंतोष जताया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस मामले में पुलिस की जानकारी उन्हें संतुष्ट नहीं कर पाई है।
रेनू भाटिया ने यह बयान रेवाड़ी स्थित भाजपा कार्यालय में नारी वंदन बिल पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है। पुलिस की ओर से जो बातें सामने आई हैं, उनसे उनके मन में कई सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने अपने सवालों के जवाब जानने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा है।
उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें अपने प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर नहीं मिल जाता, तब तक वह इस मामले को लेकर अगला कदम नहीं उठाएंगी। मेरे लिए अपने सवालों की संतुष्टि जरूरी है। पुलिस जो कह रही है, उससे मैं संतुष्ट नहीं हूं।
डीसी और एसपी से भी की बातचीत
रेनू भाटिया ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी संपर्क किया है। उन्होंने डीसी और एसपी से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली है। प्रेस वार्ता के दौरान अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए कहा कि उनके पास हर संवाद और जानकारी का रिकॉर्ड मौजूद है और वह तथ्यों के आधार पर ही आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि आप मेरा पत्र देखिए, मेरी मेल आईडी देखिए। मैंने अधिकारियों से पूछा है, उन्होंने मुझे क्या बताया और मैंने क्या जवाब दिया सब कुछ मेरे पास रिकॉर्ड में है।
बेटी का मामला, नहीं होनी चाहिए लापरवाही
चेयरपर्सन ने कहा कि यह किसी भी समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि चाहे लड़की किसी भी जाति, वर्ग या उम्र की हो, इस तरह की घटना किसी के साथ भी नहीं होनी चाहिए। यह बेटी का मामला है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंत में कहा कि अब उनकी नजर पुलिस के जवाब पर टिकी हुई है।
-
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कही थी ये बात
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कहा था कि जांच के दौरान पुलिस ने युवती का पता लगा लिया है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और रेवाड़ी में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही है। घटना वाले दिन युवती, उसका मंगेतर और उनका एक दोस्त कहीं जा रहे थे। रास्ते में जाटूसाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत उनकी कार में कुछ तकनीकी खराबी आ गई जिसके बाद मानसिक परेशानी के चलते युवती की उसके मंगेतर व उसके दोस्त के साथ कहासुनी हो गई थी। युवती की मां और स्वयं युवती ने स्वीकार किया है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान है। इसी तनाव के चलते उसने आवेश में आकर ऐसी हरकत की।
-
ये था पूरा मामला
मंगलवार सुबह रोहड़ाई-डहीना रोड पर लाला रोहड़ाई और रोजुवास के बीच से गुजर रहे लोगों ने नग्न अवस्था में एक युवती को देखा। कुछ समय बाद सफेद ऑल्टो कार में सवार होकर आए युवक ने युवती को उठाकर कार में डाला। इसके बाद कोसली की तरफ भाग गए। आसपास के लोगों ने कार सवार युवकों को रोकने का प्रयास भी किया था।