रेवाड़ी। हरियाणा सरकार ने महिला विकास निगम के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना शुरू की है। योजना के तहत महिलाएं बैंकों से 5 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार के लिए निवेश कर सकती हैं।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार करना है। जिला रेवाड़ी में 2025-26 के लिए 48 महिलाओं को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना में डेयरी, यातायात वाहन (ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, थ्री व्हीलर, टैक्सी), सामाजिक व व्यक्तिगत सेवा (सैलून, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, बुटीक, फोटोस्टेट), आचार-पापड़, हलवाई की दुकान, फूड स्टाल, आइसक्रीम, बिस्कुट, मिट्टी के बर्तन आदि गतिविधियां शामिल हैं।
लाभ लेने के लिए महिला की वार्षिक आय पांच लाख रुपये से कम और हरियाणा की स्थायी निवासी होना आवश्यक है। ऋण के लिए आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और कोई भी पूर्व ऋण डिफाल्टर नहीं होना चाहिए। समय पर किस्त का भुगतान करने पर हरियाणा महिला विकास निगम तीन वर्षों तक 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी देगा। संवाद