संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। स्थानीय स्टैंड से बस में सवार होकर डहीना जा रही एक महिला आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया। डहीना स्टैंड पर पहुंचने पर महिला को बैग चोरी होने का पता चला। मामले में डहीना चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिले के गांव धवाना निवासी रमेश चंद्र ने बताया कि उनकी बहू रवीना अपनी दो साल की बेटी के साथ डहीना आ रही थी। वह रेवाड़ी बस स्टैंड से डहीना आने के लिए महेंद्रगढ़ जाने वाली बस में सवार हुई थी। भीड़ ज्यादा होने के कारण के रवीना ने बैग अगले दरवाजे से बस में रख दिया और खुद बेटी के साथ पिछले दरवाजे से बस में सवार हो गई। जब रवीना डहीना बस स्टैंड पर पहुंची तो उसने आगे रखे बैग पर नजर डाली तो बैग नहीं मिला। रवीना ने यात्रियों से भी पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया। किसी ने रास्ते में ही उसका बैग चोरी कर लिया। रवीना के अनुसार बैग में 1 सोने का हार, 1 मंगलसूत्र, 1 जोड़ी झुमकी, दो कंगन, 2 सोने की अंगूठी व चांदी की 2 जोड़ी पायल और अन्य सामान था। रवीना ने बैग चोरी होने की सूचना तुरंत अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन डहीना बस स्टैंड पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया। रास्ते में बस से काफी सवारियां भी उतरी थीं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि रास्ते में उतरा कोई यात्री उसका बैग उठा कर चला गया। डहीना चौकी पुलिस ने रवीना के ससुर धवाना निवासी रमेश चंद्र की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।