रेवाड़ी। हमारा परिवार संस्था की ओर से पंजाबी धर्मशाला में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम शुगर, ब्लड प्रेशर, माइग्रेन, ह्रदय रोग व घुटनों के दर्द को हंसते-हंसते दूर भगाने के लिए योग साधना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बताया गया कि प्रसन्नता उत्तम स्वास्थ्य की संजीवनी है। जीवन का सफर हंसते - मुस्कुराते तय करें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद के उप प्रधान सुनील भार्गव, काठमंडी एसोसिएशन के प्रधान नरेश शर्मा, प्रमुख शिक्षाविद् प्राचार्य राजेंद्र सिंह यादव व संस्था के संयोजक दिनेश कपूर ने कहा कि हम अपने संकल्प, विश्वास व सकारात्मक चिंतन से खुद को 100 वर्षों तक पूरी तरह से निरोग रख सकते हैं। एसएस जैन सभा के प्रधान अरुण गुप्ता, शिक्षाविद डॉ. बलबीर अग्रवाल, समाजसेवी लक्ष्मीनारायण अग्रवाल ने कहा कि आज वर्तमान के भाग दौड़ के समय लाफ्टर थेरेपी यानी खुलकर हंसने वाले, योग नियमित रूप से करने वाले व्यक्ति को ब्लड प्रेशर, माइग्रेन, हृदय रोग में विशेष तौर पर बहुत लाभ होता है। खुलकर हंसने से चेहरे और मस्तिष्क में रक्त प्रवाह तेजी से होता है व चेहरे पर लालिमा आती है।
संस्था की महिला प्रधान निशा सीकरी, शिक्षाविद मधु गुप्ता, समाजसेवी बहन रीटा गेरा ने कहा कि अब गणपति हमारे घरों में आने वाले हैं। हम सभी गणपति जी को बड़े उत्साह व श्रद्धा से अपने घर में लाएं, लेकिन पर्यावरण का ध्यान रखते हुए अपने घरों में ईको गणपति विराजमान करना है, जो विसर्जन के समय पानी में आराम से घुल जाए। हानिकारक रंगो वाले, प्लास्टर पेरिस वाले गणपति विसर्जन के बाद पानी में घुलते नहीं जिससे बड़ी मात्रा में जल प्रदूषण होता है। सभी ने मिलकर ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता, मन का विश्वास कमजोर हो ना’ भजन का आनंद लिया। नन्हे बच्चे पूर्वांशी, ओजस्वी, जूही ने मंच पर ‘चंदू के चाचा ने चंदू की चाची को चांदनी चौक में चटनी चटाई’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मास्टर देवेंद्र कुमार, उप प्रधान प्रवीण गुप्ता, प्रो. सीएल सोनी, राजेंद्र गेरा, डा. नीतू वर्मा, सोनिया कपूर, प्रीति, कपिल कपूर, सुदर्शन मेहंदीरत्ता, जगन मखीजा, देशराज ओमप्रकाश चुघ, सुदेश चुघ, अमित गुप्ता, आदर्श राजपाल, लक्ष्मण सचदेवा राजेंद्र बालावास व साथियों ने सहयोग किया।