खोल थाना क्षेत्र के गांव बोहका में शराब बेचने से मना करने पर छुट्टी पर आए सेना के जवान का अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर अहपरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि गांव बोहका में शनिवार की रात गांव के लोगों के बीच शराब बेचने से रोकने पर विवाद हो गया। आरोपियों ने अपने पुत्रों व साथियों के साथ रोतेज धारदार हथियारों के साथ घर मेें घुसकर छुट्टी पर आए सैनिक का अपहरण कर मारपीट की। लेकिन मौके पर पहुंचे परिवार वालों के विरोध के चलते आरोपी सैनिक को रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गए।
- शिकायत के अनुसार वारदातगंव बोहका निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसका भाई अनूप सेना में कार्यरत है और इस समय पर छुट्टी आया हुआ है। संदीप का आरोप है कि भाई के घर के पास ही लक्ष्मीनारायण अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा करता है। अनूप शनिवार की रात लक्ष्मीनारायण को समझाने गया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद अनूूप अपने घर पर आ गया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद ही लक्ष्मीनारायण अपने पुत्रों व अन्य साथियों को साथ लेकर घर पर आया। उनके हाथों में घातक हथियार थे। आते ही लक्ष्मीनारायण व उनके साथियों ने अनूप के साथ मार-पिटाई शुरू कर दी और उसे गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया। गाड़ी में अनूप को डाल तो लिया, लेकिन ग्रामीणों ने उसे छुड़वाया।
मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी किए गए हैं गिरफ्तार
खोल पुलिस थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामला शराब बेचने को लेकर हुआ है। लक्ष्मीनारायण अवैध रूप से शराब बेचता था, इसका अनूप फौजी ने विरोध किया। इस बात को लेकर लक्ष्मीनारायण ने अपने साथियों के साथ लेकर अनूप फौजी पर हमला कर दिया और उसका अपहरण करने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।