संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने धारूहेड़ा में आ रहे रसायनयुक्त पानी को लेकर रविवार को राजस्थान के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर बात की। साथ ही भिवाड़ी के अधिकारियों की घोर लापरवाही से अवगत करवाया।
उन्होंने चेताया कि इसे नहीं रोकने पर हरियाणा को मजबूरन अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी।
उन्होंने राजस्थान सीएम के प्रधान सचिव सहित अन्य अधिकारियों को बताया कि भिवाड़ी के जिस रास्ते से उद्योगों का रसायनयुक्त पानी नाले के जरिए धारूहेड़ा में पहुंच रहा है, वह दोनों राज्यों के बीच समझौते के उल्लंघन के साथ मानवीय दृष्टिकोण से भी है घोर लापरवाही है।
मंत्री ने कहा कि धारुहेड़ा के जिस नाले के जरिए बरसाती पानी प्राकृतिक बहाव के तहत आना चाहिए था, उसमें राजस्थान रसायन युक्त पानी छोड़ रहा है। उन्होंने राजस्थान के अधिकारियों को चेताया है कि एनजीटी के निर्देशों व भिवाड़ी जिला प्रशासन की पूर्व बैठकों के बाद भी भिवाड़ी प्रशासन चेता नहीं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैर में फ्रैक्चर होने व उनके अस्वस्थ होने के चलते मुख्यमंत्री गहलोत को राव का संदेश अधिकारियों ने दे दिया है। उधर, केंद्रीय मंत्री ने रेवाड़ी जिला प्रशासन के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बात की और निर्देश दिए कि धारूहेड़ा के जनप्रतिनिधि भिवाड़ी से आने वाले रसायनयुक्त पानी को लेकर कोई भी कदम उठाते हैं तो प्रशासन उनका पूरा साथ दे।
उनके अधिकारों की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि उनके समक्ष धारूहेड़ा के जनप्रतिनिधियों ने ब्रेकर बनाने, दीवार बनाने जैसी मांग को रखा था। इसको लेकर जिला प्रशासन रजामंद है। उन्हाेंने धारूहेड़ा नगर पालिका के चेयरमैन कंवर सिंह और वाइस चेयरमैन अजय जांगड़ा से दूरभाष पर बात कर कहा कि भिवाड़ी से आने वाले पानी को रोकने के लिए जो भी कार्रवाई करेंगे, इसमें प्रशासन व उनका पूरा सहयोग रहेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूर्व में प्राकृतिक बहाव को देखते हुए राजस्थान के भिवाड़ी से आने वाले बरसाती पानी के निकास का ही एक समझौता हरियाणा व राजस्थान के बीच हुआ था, लेकिन बरसाती पानी की आड़ में राजस्थान रसायनयुक्त पानी व भिवाड़ी शहर का बरसाती पानी धारूहेड़ा की ओर निकाल रहा है।