रेवाड़ी। शहर की पौने तीन लाख की आबादी के लिए अच्छी खबर है। खूबडू हेड से पानी छोड़े जाने के बाद रेवाड़ी जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) नहर में शनिवार की दोपहर को पानी आ गया है। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से अब दो दिन पंपों के माध्यम से टैंकों में भरा जाएगा। शहर में सोमवार से पेयजल की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। इस बार फीडर में 16 या 24 दिन की बजाय लगातार तीन महीने तक पानी चलता रहेगा।
मानसून की शुरुआत होते ही जगह-जगह वर्षा हो रही है। ऐसे में सभी नदियां उफान पर हैं। सिंचाई विभाग की ओर से पानी को सितंबर तक लगातार छोड़ा जाएगा। इससे शहरवासियों को पानी की किल्लत से कुछ दिनों के लिए राहत मिलेगी। शनिवार की दोपहर को जेएलएन नहर में पानी आने के बाद दो दिनों तक वाटर टैंकों में पानी भरने का काम चलेगा। रविवार की शाम को फिल्टर के बाद संबंधित क्षेत्रों में पड़ने वाले जलघरों में पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
सभी पंप हाउस को किया गया अपग्रेड
सिंचाई विभाग की तरफ से जिले के सालावास गांव स्थित पंप हाउस की मोटरों की क्षमता बढ़ाने के साथ लिफ्टिंग पैनलों को पूरी तरह बदला गया है। अब इन मोटरों की क्षमता दोगुनी कर दी गई है। पहले रेवाड़ी को लगभग 600 क्यूसेक नहरी पानी मिल रहा था, लेकिन अब पानी की मात्रा 200 क्यूसेक बढ़कर 800 क्यूसेक हो गई है। अब जैसे-जैसे नहर में पानी बढ़ता जा रहा है तब उसकी चलने की गति भी तेज हो गई है।
लिसाना में बन रहे वाटर टैंक का कार्य अंतिम चरण में
शहर की एक तिहाई आबादी को पानी की किल्लत से बचाने के लिए लिसाना में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से एक और वाटर टैंक बनाया जा रहा है। इसका काम अंतिम रूप में हैं। इसमें बिजली के कुछ कनेक्शन होने बाकी है, इसके बाद टैंक में पानी भरना शुरू कर दिया जाएगा। इस टैंक के शुरू होने से करीब 20 से 30 हजार लोगों को पानी की किल्लत से राहत मिलेगी। अभी गांव कालाका में पांच वाटर टैंक है तथा लिसाना में दो वाटर टैंक हैं, जिनमें पानी स्टोर करके रखा जाता है। शहर में सप्लाई किया जाता है। इसके अलावा कालका वाटर टैंक 10 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) व लिसाना में 18 एमएलडी पानी की स्टोरेज क्षमता है।
वर्जन :
जवाहर लाल नेहरू नहर में शनिवार को पानी आ गया है। नहर में पानी आते ही टैंक में भंडारण शुरू कर दिया है। रविवार की रात को फिल्टर करने के बाद पानी जलघरों में पहुंचा दिया जाएगा, जिससे पूर्ण रूप से पेयजल आपूर्ति होगी। अब अगले तीन माह तक लोगों को लगातार पानी दिया जाएगा।
-दीपक यादव, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, रेवाड़ी