संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव के दौरान सोशल मीडिया फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स हैंडल आदि का इस्तेमाल करने वाले राजनीतिक दल और प्रत्याशी सावधान रहें। चुनाव में सोशल मीडिया पर जारी होने वाली हर सूचना पर भारत चुनाव आयोग सहित जिला निर्वाचन कार्यालय की पैनी नजर रहेगी।
उन्होंने बताया कि भारत चुनाव आयोग ने जिले से लेकर प्रदेश स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग के लिए राज्य स्तरीय व जिला टीम गठित की है। टीम ना केवल जारी सूचना की जांच करेगी, बल्कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने पर कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी तरह का अनर्गल पोस्ट करने से बचें। सोशल मीडिया के जरिए आने वाली भ्रामक खबरों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। यूट्यूब चैनल के माध्यम से आने वाली खबरें भी आएंगी। इसके लिए आयोग ने एक्सपर्ट टीम तैयार की है जिसमें आईटी से जुड़े लोग, मीडिया क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी शामिल हैं। विभिन्न समाचार चैनल और अखबारों में आने वाली खबरें भी इसके दायरे में है। हर दिन जिला स्तर पर अखबार और चैनल में प्रकाशित खबरों की समीक्षा राज्य स्तर पर गठित टीम द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का कोई मामला जिला प्रशासन की नजर में आएगा तो शोकॉज के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आईटी अधिनियम की धारा 69 और 79 (3) के तहत अधिकारियों को फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने का अधिकार भारत चुनाव आयोग को है।