संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में केएलपी कॉलेज की पुरुष टीम ने प्रथम और महिला टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। विजेता टीम के खिलाड़ियों का महाविद्यालय में स्वागत किया गया।
केएलपी कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रामबीर जाखड़ ने बताया कि बीते दिवस नारनौल के यदुवंशी डिग्री कॉलेज में आयोजित इस अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल टूर्नामेंट में केएलपी कॉलेज की पुरुष-टीम के खिलाड़ियों में रोहित यादव, आर्यन, प्रयाग, नितिन कुमार, रोनित, कपिल, निशांत भारद्वाज, परमजीत, राहुल शर्मा, रविंद्र, हरबंस पटेल और बीरेंद्र ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। महिला टीम के खिलाड़ियों में प्रियंका, भगवती, मीनू, बीना, साक्षी, पूर्ति, वंशिका, लक्ष्मी और पूजा खेल का शानदार प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय पहुंचने पर बास्केटबॉल की विजेता दोनों टीमों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकारिणी के प्रधान अमित गुप्ता, प्राचार्य डॉ. कविता गुप्ता और डॉ. रामबीर जाखड़ ने विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता के लिए कॉलेज कार्यकारिणी के उपप्रधान संदीप खंडेलवाल, महासचिव कपिल गोयल और कोषाध्यक्ष हेमंत अग्रवाल ने प्राचार्य डॉ. कविता गुप्ता सहित शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डॉ. रामबीर जाखड़ और विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की।