धारूहेड़ा। भगत सिंह चौक से रेवाड़ी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार को सीवर के ओवरफ्लो होने से जलभराव की स्थिति बन रगई। पानी चैंबर सड़क पर फैल गया जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार सीवर का पानी इतनी अधिक मात्रा में निकला कि पूरी सड़क पर भर गया। सड़क पर पहले से बने गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा था। जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आसपास के दुकानदार सागर यादव, रमेश कुमार, राजवीर यादव, डब्लू यादव, सुरेश कुमार और अनिल कुमार आदि ने बताया कि जन सीवर लाइन बार-बार ओवरफ्लो होती है जिससे सड़क पर जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। उन्होंने बताया कि यह गंदा पानी केवल भगत सिंह चौक से रेवाड़ी रोड तक ही सीमित नहीं रहता बल्कि आगे बढ़कर दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 की सर्विस लेन तक पहुंच जाता है। इससे समस्या और गंभीर हो जाती है।
सीवर के पानी से आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। बदबू के कारण दुकानदारों व राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जन स्वास्थ्य विभाग पिछले कई वर्षों से इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहा है जबकि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
जलभराव के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है
लोगों ने बताया कि लगातार जलभराव के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे गड्ढों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद विभाग द्वारा समस्या के मूल कारण को दूर करने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से सीवर व्यवस्था को दुरुस्त कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
वर्जनरात में पावर फेल्योर होने के कारण सीवर पंपिंग व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इससे पानी की निकासी बाधित होने पर ओवरफ्लो की स्थिति बनी। बिजली संबंधी समस्या के समाधान के बाद सीवर सिस्टम सुचारू रूप से संचालित होने लगेगा और जलभराव की समस्या का निस्तारण कर दिया जाएगा। विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जल्द ही समस्या से निजात मिल जाएगी।-जयप्रकाश, एसडीओ, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग