रेवाड़ी। भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से छोड़ा गया केमिकलयुक्त पानी मुसीबत बन गया है। हरियाणा-राजस्थान सीमा पर नेशनल हाईवे-919 पर 10 दिनों से जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वाहन चालक जलभराव से होकर गुजरने का जोखिम न उठा कर 7 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर रहे हैं।
धारूहेड़ा और भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाले इस मार्ग पर जलभराव के कारण हजारों कर्मचारियों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों को परेशानियों का का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से पंपिंग मशीनों से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन अब तक कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे-919 पर भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से छोड़ा गया केमिकल युक्त पानी भरा है जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ गए हैं।
रेवाड़ी का धारूहेड़ा और राजस्थान का भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र है जहां हजारों कर्मचारी और श्रमिक प्रतिदिन कंपनियों में काम करने के लिए आते-जाते हैं। सड़क पर जलभराव के कारण कर्मचारियों और श्रमिकों को परेशानी हो रही है।
जलभराव का असर व्यापार पर भी पड़ा है। हाईवे के किनारे स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की पहुंच कम हो गई है। सड़क पर भरे पानी से बदबू फैल रही है जिससे आसपास के क्षेत्रों में मच्छरों का प्रकोप होने के साथ संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
दुकानदारी हो रही है प्रभावित : दुकानदार रमेश कुमार ने कहा कि जलभराव के कारण ग्राहक दुकानों पर नहीं आ रहे हैं जिससे दुकानदारी प्रभावित हो रही है। अन्य दुकानदार जतिन सिंह ने बताया कि ये समस्या अब आम बात हो गई है। कुछ समय तक स्थिति ठीक रहती है, फिर वही हालात हो जाते हैं।
-
समस्या का नहीं हो सका समाधान
भिवाड़ी प्रशासन पिछले कई वर्षों से जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विभिन्न योजनाओं की घोषणा करता रहा है। नालों के निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने और जल निकासी के स्थायी प्रबंधों पर काम करने के दावे भी किए गए लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। हर वर्ष लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। कुछ दिनों पहले केंद्र स्तर की इस मामले को लेकर बैठक भी हुई थी।
लोकल कमिश्नर ने की थी जांच, 2 जुलाई को सौंपेंगे रिपोर्ट
दो दिन पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से नियुक्त लोकल कमिश्नर राजेश शर्मा ने यहां जांच की थी। लोकल कमिश्नर ने हरियाणा के अफसरों से पूछा कि यहां पानी का प्राकृतिक बहाव किस दिशा में है। रैंप किस उद्देश्य से बनाया गया है। इस पर अधिकारियों ने प्राकृतिक पानी का बहाव हरियाणा की ओर बताते हुए कहा था कि भिवाड़ी से दूषित पानी आता है। इसे धारूहेड़ा में जाने रोकने के लिए रैंप बनाया गया है। लोकल कमिश्नर अब अपनी रिपोर्ट तैयार कर 2 जुलाई को प्रस्तावित सुनवाई से पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को सौंपेंगे।