रेवाड़ी। ग्रामीण जलकर्मी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी ने राज्य सरकार की तरफ से न्यूनतम वेतन रिवाइज करने के फैसले पर मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री का आभार जताया है। साथ ही अब तक इसका लाभ न मिलने पर नाराजगी भी व्यक्त की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बढ़ा हुआ वेतन लागू नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ग्रामीण जलकर्मी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुनेश कुमार बेनीवाल, प्रदेश महासचिव सतविंदर सिंह सोही और प्रदेश कोषाध्यक्ष जेपी भाटिया ने संयुक्त बयान में कहा कि हरियाणा सरकार ने 1 अप्रैल से नया न्यूनतम वेतन लागू करने का वादा किया था। अब डेढ़ महीना बीत जाने के बाद भी धरातल पर ग्रामीण जलकर्मियों को इसका कोई लाभ नहीं मिला है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मियों में इसे लेकर भारी असंतोष है।
संघ के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि बढ़े हुए न्यूनतम वेतन का लाभ ग्रामीण जलकर्मियों को तुरंत प्रभाव से दिया जाए। यदि सरकार ने इसमें और देरी की, तो संघ की तरफ से प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इस दौरान जिला उपयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।