रेवाड़ी। वार्ड नंबर 22 के पार्षद पद के प्रत्याशी रहे दीपक सैनी ने प्रशासन से री-काउंटिंग कराने की मांग की है।
दीपक सैनी ने बताया कि वार्ड 22 में बूथ नंबर 70, 71, 72 की काउंटिंग ईवीएम से होनी थी। काउंटिंग 13 मई को सरकारी गर्ल्स कॉलेज में हुई थी। सुबह वह 3 साथियों के साथ काउंटिंग के लिए मौजूद थे। उन्होंने बताया कि वार्ड की काउंटिंग का समय आया। वहां सिर्फ बूथ नंबर 70 की एक ईवीएम लाई गई।
इसमें उन्हें 817 में से 404 वोट मिले। यह अन्य सभी उम्मीदवारों से ज्यादा थे। इसके बाद बूथ नंबर 71 और 72 की काउंटिंग के लिए पहुंचे। वहां दोनों ईवीएम मौजूद नहीं थीं। स्टाफ से पूछा गया। जवाब मिला कि मशीनें आने में समय लगेगा। दीपक सैनी ने कहा कि इसी बीच वार्ड नंबर 23, 24 और 25 का रिजल्ट घोषित हो चुका था।
उनकी मशीनें 30-40 मिनट देरी से लाई गईं। उन्होंने आशंका जताई कि बूथ 71 और 72 की मशीनों के साथ छेड़खानी हुई है। उन्होंने देरी से मशीन लाने का कारण बताने की मांग की। जिस हॉल में मशीनें रखी गई थीं, उसकी 13 मई को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक की वीडियो ग्राफी दिखाने की मांग की। उन्होंने मशीनों की री-काउंटिंग कराने की मांग भी की।