रेवाड़ी। वोट छोड़, गद्दी छोड़ अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी ने राजीव चौक के पास पूर्व विधायक चिरंजीव राव की अगुवाई में विरोध, प्रदर्शन किया। इसमें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र, रोहतक से लोकसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा, एआईसीसी सचिव और सह प्रभारी जितेंद्र बघेल मौजूद रहे।
राव नरेंद्र ने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी मामूली घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश थी। मतगणना के दौरान 99 फीसदी ईवीएम की बैटरी फुल दिखाई देना अपने आप में एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 25 लाख वोट चोरी हुई है। कांग्रेस पार्टी इस मामले को अदालत में लेकर गई है लेकिन राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा है कि असली न्याय जनता की अदालत में होगा।
कहा कि संविधान को बचाने के लिए यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया है कि बावल में 47 हजार, कोसली में 53 हजार और रेवाड़ी में लगभग 42 हजार वोट चोरी के स्पष्ट प्रमाण सामने आए हैं। इस मौके पर रेवाड़ी ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी, शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता वेद प्रकाश विद्रोही, महिला जिला अध्यक्ष सीमा धमीजा, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष दीपिका यादव, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री एमएल रंगा व पूर्व मंत्री जसवंत सिंह आदि मौजूद रहे।
-
लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच लाखों वोट काटे और बढ़ाए गए : दीपेंद्र
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एग्ज़िट पोल कांग्रेस की प्रचंड जीत का संकेत दे रहे थे और बैलट पेपर की शुरूआती गणना में कांग्रेस 73 सीटों पर आगे थी। पिछले पांच विधानसभा चुनावों में बैलेट पेपर ने हमेशा अंतिम परिणाम की दिशा तय की है, लेकिन इस बार पहली बार ऐसा हुआ कि बैलेट में कांग्रेस आगे होने के बावजूद सरकार भाजपा की बना दी गई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर एक ही घर में 500-500 वोट बनाए गए, लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच लाखों वोट काटे और बढ़ाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पूरे देश का राजनीतिक फंड एक तरफ रख दिया जाए और भाजपा का फंड दूसरी तरफ, तो भाजपा का फंड 500 गुना ज्यादा है, यह पैसा आखिर कहां से आया?।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मतगणना से पहले दिए गए बयान पर भी उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनसे जीत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जनता के समर्थन का हवाला देने के बजाय कहा कि “सारा इंतजाम हो चुका है, हम ही जीतेंगे। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें हरियाणा और देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
रेवाड़ी में भी बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई : चिरंजीव
चिरंजीव राव ने कहा कि पार्टी ने रेवाड़ी और पूरे हरियाणा में हुए चुनावी घोटालों को विस्तार से उजागर किया। दावा किया कि रेवाड़ी में भी बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई और कई बूथों पर सीसीटीवी कैमरे मतदान के समय बंद कर दिए गए, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता संदिग्ध हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक मतदाता सूची में फर्जी वोट जोड़े गए और वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए गए, ताकि परिणाम भाजपा के पक्ष में डाले जा सकें।