रेवाड़ी। गांव लाला में हुक्का पर चुनावी चर्चा करते गांव के किसान। संवाद
कोसली। लोकसभा चुनाव के मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। वहीं क्षेत्र में चुनाव के प्रति कोई उत्साह नजर नहीं आ रहा है। क्षेत्र के गांव लाला में चुनावी चौपाल में पहुंचे तो लोगों ने बताया कि हर पांच साल बाद झूठे वादे करके इस क्षेत्र से विभिन्न पार्टियों ने वोट बटोरने का काम किया है। विकास के नाम पर नेता चुप्पी साध लेते हैं।
गांव लाला में चुनावी चौपाल में दयावान का कहना है कि वोट उसी को दिया जाएगा जो नहरी पानी लाने का वादा करेगा। स्थानीय मुद्दों की तरफ ध्यान देते हुए प्राथमिकता से हल करवाने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नहरी पानी न मिलने से किसान की हालत खस्ता हो रही है। नहरी पानी पर राजनीति होती रही है, लेकिन जमीन स्तर पर नहरी पानी के प्रयास किसी पार्टी ने नहीं किया। अब वही वोट लेगा जो नहरी पानी लाएगा। कमोवेश सुरेन्द्र सिंह ने भी यही बात कही।
गांव लाला के सज्जन सिंह ने बताया कि वह वोट इस बार किसी पार्टी को न देकर नोटा का बटन दबाएंगे। आजादी के बाद से हर पांच साल में नया मुद्दा लेकर नेता उनके यहां आकर वोट बटोर ले जाते हैं। इसके बाद नेताओं के दर्शन दुर्लभ हो जाते हैं। कोसली क्षेत्र में पानी की कमी भी आज तक पूरी नहीं हो पाई है।