डहीना। जिले के गांव सीहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की नवगठित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, ग्राम पंचायत, सीहा और युवा चेतना संगठन, सीहा के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को दादूपंथी लोकपूज्य योगीराज बाबा रामस्वरूप दास महाराज से जुड़े आश्रम और पहाड़ी पर श्रमदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के प्रवेश उत्सव, विद्यालय के प्राचार्य और साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया की पुस्तक ''''संत शिरोमणि बाबा रामस्वरूप दास महाराज'''' का लोकार्पण तथा होली मिलन कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे।
दादू पंथी आश्रम सीहा की संचालक महंत नरोत्तमदास महाराज तथा स्वामी धर्मदास महाराज ने इस शिविर में पधारे विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को योगीराज रामस्वरूप महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में जानकारी दी। दुल्हेंडी के दिन पहाड़ी पर लगने वाले मेले और भंडारे का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत, युवा चेतना संगठन तथा गांव के सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं का दुल्हेंडी मेले के प्रबंधन के लिए आभार भी जताया।
इस अवसर पर विद्यालय में सेवानिवृत्ति के बाद भी निशुल्क सेवाएं दे रहे अध्यापक विजयपाल सिंह को सम्मानित किया गया। स्टाफ सचिव यशपाल आर्य के संयोजन में आयोजित शिविर में सीहा की सरपंच सरिता यादव, युवा चेतना संगठन के अध्यक्ष नरेश भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ताओं लीलाराम चौहान, राकेश प्रजापति, सुरेश कुमार, विक्रम, निखिल, पुष्पेंद्र, भजनलाल, राकेश तथा विद्यालय की पूरे स्टाफ ने विभिन्न प्रभार संभाले। इस श्रमदान शिविर में विद्यालय के सभी प्राध्यापक के अध्यापक उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रभारी प्रदीप चौहान ने सभी का आभार ज्ञापित किया।