कुंड। हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला रेडक्राॅस सोसायटी द्वारा गांव जैनाबाद में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एसडीएम मुख्यअतिथि रहे।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान का बहुत बड़ा महत्व है। इसलिए सभी को रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं को स्वयं पर गर्व होना चाहिए कि उनका खून किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में काम आ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जीवन में रक्तदान अवश्य करें। बहुत से ऐसे मरीज होते हैं, जिनको इलाज के लिए रक्त की जरूरत होती है। यदि मरीज को समय पर रक्त मिल जाए तो उनको सही ढंग से इलाज हो जाता है और उनका जीवन बच जाता है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी सचिव महेश गुप्ता ने एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में रक्तदाताओं ने 115 यूनिट रक्तदान किया। इसके अतिरिक्त हरियाणा उदय कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में आयुष विभाग एवं सिविल अस्पताल के डाक्टरों द्वारा लगभग 150 लोगों की जांच की गई एवं उन्हें आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथी दवाइयां प्रदान की गयी।
एसडीएम होशियार सिंह ने इस अवसर पर रामतीर्थ यादव द्वारा 103वीं बार, होशियार सिंह द्वारा 57वीं बार व वॉलीबाल कोच पवन यादव ने 26वीं बार रक्तदान करने पर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर ग्रामीणों ने एसडीएम होशियार सिंह का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर सीएमओ सुरेन्द्र यादव, डिप्टी सीएमओ अशोक, भारत विकास परिषद प्रेसिडेंट मोहन गोयल, श्री श्याम मंडल के सदस्य, सरपंच भावना यादव आदि मौजूद रहे।