रेवाड़ी। पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला रेवाड़ी में तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता को बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत उप सिविल सर्जन डॉ. नवीन यादव और अधिकारी डॉ. ज्ञानेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में बुधवार को धूम्रपान करने वाले 13 लोगों का कोटपा अधिनियम के अंतर्गत चालान काटा गया। साथ ही 1400 रुपये वसूले गए। डॉ. नवीन ने अस्पताल में उपस्थित लोगों को कोटपा के अधिनियम की जानकारी दी।
डॉ. ज्ञानेंद्र ने इसके बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि विभाग का उद्देश्य लोगों को धूम्रपान से होने वाले नुकसान के लिए जागरूक करना है। बीड़ी और सिगरेट से उठने वाला धुआं आसपास के लोगों को भी प्रभावित करता है। हाल ही में एक प्रकाशित रिपोर्ट ने बताया कि पैसिव स्मोकिंग की वजह से धूम्रपान का सेवन न करने वालों में भी कैंसर होने की आशंकाएं बढ़ जाती हैं। अतः हमें इसके उपयोग से बचना चाहिए।