अंडरपास के विरोध में धरने पर बैठे ग्रामीण। स्रोत : स्वयं
रेवाड़ी। गांव नांगलिया-रणमोख में रेवाड़ी-रोहतक रेलवे लाइन पर गेट नंबर सी-8 पर अंडरपास बनाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने धरना दिया। दरअसल, रेलवे सभी फाटकों को मानवरहित बनाने के लिए अंडरपास का निर्माण करवा रहा है। इसके तहत गांव नांगलिया-रणमोख के गेट पर भी अंडरपास बनाया जा रहा है, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण इसका निर्माण पिछले एक साल से लटका हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव नंगलिया-रणमोख में आवागमन के लिए इस संपर्क मार्ग के अलावा कोई सड़क नहीं है। जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो जाता, वे धरना जारी रखेंगे। विरोध के कारण पिछले एक साल से अंडरपास का निर्माण कार्य रुका हुआ है। ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि रेलवे को वैकल्पिक मार्ग बनाना चाहिए या रेलवे लाइन बिछाने के दौरान फाटक से 200 मीटर पहले बंद किए गए पंचायत रोड पर अंडरपास बनाना चाहिए, जो सीधे हाईवे से जुड़ता है। उन्होंने कहा कि जब तक विभाग उनकी मांग को नहीं मान लेता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस मौके पर सुधीर सरपंच, बिल्लू, कृष्ण, अनिल, ओमप्रकाश, बलबीर सिंह, शिवलाल, बलवंत सिंह सहित कई ग्रामीण धरने पर बैठे रहे।