फोटो: 28रेवाड़ी। स्टेट ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में विजेता खिलाड़ी वंशिका जांजड़। स्रोत: पर
रेवाड़ी। पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 27 से 29 दिसंबर तक हुई दूसरी हरियाणा स्टेट ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें वंशिका जांजड़ ने स्वर्ण पदक जीता।
यह राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता क्योरुगी एवं पूमसे श्रेणियों में आयोजित की गई जिसमें हरियाणा भर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में रेवाड़ी के कुल आठ खिलाड़ियों ने सहभागिता की और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस शानदार उपलब्धि से रेवाड़ी जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन हुआ।
खिलाड़ियों की इस सफलता का श्रेय अकादमी के कोच पियूष कुमार को दिया जा रहा है जिनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण से खिलाड़ियों का प्रदर्शन निखरा।
इस प्रतियोगिता में विशेष रूप से गांव छाजियावास, जिला महेंद्रगढ़ की बेटी वंशिका जांजड़ ने स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। वंशिका वर्तमान में रेवाड़ी के सनसिटी ए-ब्लॉक में निवास करती हैं और वह डॉ. राजवीर सिंह की पुत्री हैं। वंशिका ने पूरे आत्मविश्वास और तकनीकी कौशल के साथ मुकाबले जीतते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
उनकी इस उपलब्धि से गांव, क्षेत्र और जिले में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर 7 खिलाड़ियों का चयन दूसरी इंडिया ताइक्वांडो फेडरेशन कप के लिए किया गया है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 18 व 19 जनवरी 2026 को जयपुर में होगी।