रेवाड़ी। हरियाणा कला परिषद और भरतमुनि कला केंद्र के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय नाट्य उत्सव की शुरूआत बाल भवन सभागार में हुई। कार्यक्रम में जयवर्धन द्वारा लिखित और रंगकर्मी कशिश बत्रा के निर्देशन में व्यंग्य नाटक अर्जेंट मीटिंग का मंचन किया गया। इसको दर्शकों ने खूब सराहा।
नाटक की कहानी एक नेशनल अकादमी की मीटिंग पर आधारित है जिसमें एक देश प्रधानमंत्री द्वारा जापान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए नाटक का चयन करने के निर्देश दिए जाते हैं। इस मीटिंग में प्रोफेसर, थियेटर समीक्षक और रंगकर्मी शामिल होते हैं जो अपने-अपने नाटकों के नाम प्रस्तावित करते हैं।
नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार सांस्कृतिक क्षेत्र में भी राजनीति और पक्षपात हावी रहता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब एक मंत्री के भतीजे को जापान भेजने के लिए दबाव बनाया जाता है। अधिकांश सदस्य नौकरी के डर से सहमति दे देते हैं लेकिन नारंग नामक पात्र इसका विरोध करते हुए पत्र फाड़ देता है। यह दृश्य दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा।
नाटक में नारंग की भूमिका कर्ण सैनी, बजाज की भूमिका कशिश बत्रा, अजंता की भूमिका संतोष कुमारी, भारती की भूमिका मीनाक्षी, चौकीदार की भूमिका नितिन राठी, भटनागर की भूमिका रितिक बत्रा, सफाई कर्मी की भूमिका पवन और मेहता जी की भूमिका संजय ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ रंगकर्मी सतीश मस्तान और राम चरण ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। मंच संचालन कंप्यूटर प्राध्यापक सुधीर ने किया। इस मौके पर संस्था के प्रधान मदन डागर, उपप्रधान हिमानी, डॉ. अंकुर खेर, रंगकर्मी मनोज शर्मा, लोक नृत्य कलाकार ललित वर्मा, मनीष, रवींद्र आदि उपस्थित रहे।