रेवाड़ी। डीएमसी डॉ. सुभिता ढाका ने कहा कि डीसी अशोक कुमार गर्ग के नेतृत्व में जिले में पार्कों के सुंदरीकरण व सुधारीकरण पर शहरी निकाय का पूरा फोकस है। पार्क में आने वाले राहगीरों को बेहतर माहौल व सुुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शहरी निकाय की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वह बुधवार को ब्रॉस मार्केट स्थित पार्क का निरीक्षण कर रही थी।
डीएमसी ने कहा कि संबंधित अधिकारी व कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ अपना दायित्व निभाएं। ताकि पार्क में आने वाले राहगीरों व आमजन को किसी प्रकार से परेशानी न हो। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पार्क में घूमने वाले लोगों से बातचीत की और उन्हें पार्क में मिल रही सेवाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने पार्क में शौचालयों की स्थिति साफ सुथरी रखने के अलावा पार्क में फुटपाथ की रिपेयर, घास का रख रखाव सहित अन्य जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों की देखरेख में मौजूद पार्कों के सुधारीकरण व सुंदरीकरण पर पूरा फोकस है। प्रशासन का प्रयास है कि पार्क में आने वाले लोगों को सुखद व पर्यावरणीय अनुकूल माहौल मिले इसके लिए संबंधित अधिकारी पूरी सजगता के साथ पार्क को मेंटेन करें।