फोटो: 05रेवाड़ी। संत कबीरदास कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान में शव मिलने के बाद पहुंची पुलि
बावल। बावल कस्बे के वार्ड नंबर 13 में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब संत कबीरदास कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान में अज्ञात युवक का शव मिला। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालिक राजबीर ने बताया कि उसके घर में निर्माण कार्य चल रहा था लेकिन दीपावली के अवसर पर मिस्त्री और मजदूर छुट्टी पर गए हुए थे। सोमवार को जब वह दीये जलाने के लिए निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा तो उसने देखा कि एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बावल पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक की आयु लगभग 40 वर्ष के आसपास है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपावली की रात क्षेत्र में सन्नाटा था, इसलिए किसी ने कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं देखी।