रेवाड़ी-नारनौल हाईवे स्थित पाली बस स्टैंड पर रेलवे लाइन के नीचे से अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना 32वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता संघर्ष समिति के प्रधान ओमप्रकाश यादव द्वारा की गई। रविवार को धरनास्थल पर जेजेपी के जिला अध्यक्ष श्याम सुंदर सभरवाल भी पहुंचें। संघर्ष समिति की ओर से सभरवाल को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
बता दें कि अंडरपास की मांग को लेकर पाली सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण कई दिनों से पाली के बस स्टैंड पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए है। ग्रामीणों को समर्थन देने के लिए रोजाना राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी पहुंच रहे हैं। रविवार को धरना स्थल पहुंचें सभरवाल ने कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज है। सरकार को इस पर जल्द अमल करना चाहिए। इसके निर्माण के लिए जल्द ही इंजीनियरिंग चीफ से चंडीगढ़ में संपर्क किया जाएगा। दूसरी ओर धरना दे रहे ग्रामीणों ने कहा कि उनकी मांग जायज है। जब तक सरकार अंडरपास के निर्माण का कार्य शुरू नहीं करेंगे ग्रामीणों का धरना लगातार जारी रहेगा।