रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित काठूवास के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक की स्कूटी तो दूसरे की बाइक को गाड़ी ने टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए है।
गुरुग्राम जिले के गांव लोकरी निवासी नरसिंह (42) अपने मामा के घर के गांव रूद्ध में आया हुआ था। रिश्तेदारों से मिलने के बाद वह अपनी बाइक से वापस लोकरी गांव जा रहा था। पीछे-पीछे उसका मामा जीतराम भी बाइक पर चल रहा था। इसी दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला चौक से निकलते ही गांव काठूवास के पास उसकी बाइक को एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नरसिंह सड़क पर जा गिरा और राजस्थान रजिस्ट्रेशन नंबर की पिकअप गाड़ी का चालक मौके से भाग गया। करीब 50 मीटर पीछे चल रहे उसके मामा जीतराम ने उसे संभाला और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामा जीतराम के अनुसार, नरसिंह पेशे से गाड़ी चालक था। मामा की शिकायत पर कसौला थाना पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर
दूसरी तरफ दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ही गांव कापड़ीवास फ्लाईओवर के नजदीक स्कूटी पर घर जा रहे संजय कुमार (38) को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में संजय की मौके पर ही मौत हो गई। संजय राजस्थान में जिला अलवर के मुंडावर का रहने वाला था और गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने मामा के लड़के अनिल कुमार के साथ घर आ रहा था। उसके भाई योगेश ने बताया कि संजय तीन बच्चों का पिता था। उसकी दो लड़की और एक लड़का है। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने योगेश की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।