अवैध लाइसेंसी हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
रेवाड़ी। गांव घासेड़ा के एक युवक को दोस्त के साथ सोशल मीडिया पर हथियार के साथ स्टेटस लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सीआईए टीम ने आरोपी को उसके दोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से एक पिस्तौल, पंप एक्शन गन और 5 कारतूस बरामद हुए हैं। सीआईए ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि सचिन नाम के युवक ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ स्टेटस लगाया हुआ था। यह वीडियो पुलिस के पास भी पहुंचा। जिस पर पुलिस ने फोटो के आधार पर पहचान कराई, तो युवक की पहचान घासेड़ा निवासी सचिन के रूप में हुई। सीआईए धारूहेड़ा को सूचना मिली कि सचिन एक स्विफ्ट कार में मसानी की ओर आ रहा है। इस पर सीआईए टीम ने सूरज स्कूल के पास नाकेबंदी करते हुए वाहनों की जांच शुरू कर दी। एक स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी से एक पिस्तौल, एक पंप एक्शन गन और पांच कारतूस बरामद हुए। गाड़ी चालक रोहतक के गिल्लोड़ निवासी संजय और साथी सचिन निकला। उसने पुलिस को अपना आर्म्स लाइसेंस दिखाया, लेकिन जांच के बाद पता चला कि उसका लाइसेंस 26 मई तक ही वैध था। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
भय पैदा करने के लिए लगाया स्टेटस
सीआईए के अनुसार पूछताछ के दौरान सचिन ने बताया कि उसने संजय से हथियार लेकर फोटो खिंचवाए थे। हथियारों के साथ वीडियो भी बनाया था, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। उसका मकसद लोगों में उसका भय पैदा करना था।
पुलिस की ओर से अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
-संजीव कुमार, डीएसपी