संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव पाल्हावास के निकट से सीआइए रेवाड़ी पुलिस ने कार में बैठकर आइपीएल के क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलदीप उर्फ गोलू निवासी गांव लिलोढ चिरंजीलाल कॉलोनी हजारीवास व बबिंद्र उर्फ मिंटू निवासी गांव हजारीवास के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सीआइए स्टाफ रेवाड़ी की टीम रोहडाई क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सीआइए टीम को सूचना मिली कि पाल्हावास-पहराजवास रोड पर प्रीत गार्डन के नजदीक दो युवक कार में बैठ कर मुंबई व कलकता के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर फोन व लैपटाप से लोगों के सट्टा लगवा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवकों ने कार स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, लेकिन दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियो ने अपना नाम पता कुलदीप उर्फ गोलू निवासी गांव लिलोढ चिरंजीलाल कालोनी हजारीवास व बबिंद्र उर्फ मिंटू निवासी गांव हजारीवास बताया। पुलिस ने आरोपियों से 4 मोबाइल फोन, एक लैपटाप, दो मोबाइल चार्जर, एक लैपटॉप चार्जर व एक आइ-10 कार बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रोडहाई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।